पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया

हमीरपुर। सुमेरपुर क्षेत्र के टेढ़ा गांव में शनिवार को दोपहर में धान की कटाई कर रहे हार्वेस्टर के चालक की गिर जाने से अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बांक गांव निवासी राजेंद्र सिंह का हार्वेस्टर टेढ़ा गांव में धान की फसल काटने गया था। इसमें शाहजहांपुर जनपद के सिंदौली गांव निवासी सूरज 35 वर्ष चालक का कार्य कर रहा था। राजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को मशीन टेढ़ा गांव निवासी बड़े सिंह के खेत में धान की कटाई कर रही थी। दोपहर करीब 12.30 बजे चालक सूरज हार्वेस्टर से अचानक गिरकर घायल हो गया। सूचना पाकर हार्वेस्टर मालिक राजेंद्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल चालक को अपने निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में उसको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। राजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के दो सहयोगी फोरमैन संदीप कुमार व सर्वेश कुमार मौके पर मौजूद हैं। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि हार्वेस्टर से चालक के गिरकर मरने की सूचना मिली है। शव को कब्जे में लिया गया है। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कृषि मशीन से मरने वाले जिले में यह दूसरी घटना है। गत मंगलवार को गहरौली गांव में एक युवा किसान की रोटावेटर में फंसकर मौत हो गई थी।

