डॉ. वीरेंद्र स्वरूप इंस्टिट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज किदवई नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर चार दिवसीय विशेष आयोजन का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। यह आयोजन छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के तत्वाधान में आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव तथा सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान को स्मरण कर युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना था। कार्यक्रम की शुरुआत भाषण प्रतियोगिता से हुई जिसमें विद्यार्थियों ने “सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्रीय एकता में उनका योगदान” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने पटेल जी के नेतृत्व संगठन कौशल और स्वतंत्र भारत के एकीकरण में उनकी भूमिका पर सारगर्भित भाषण दिए। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, भाषा शैली तथा विषय की गहराई के आधार पर मूल्यांकन किया। दूसरे दिन पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसका विषय “एकता में शक्ति” रखा गया। विद्यार्थियों ने रंगों और रचनात्मकता के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना तथा सामाजिक एकता का सुंदर चित्रण किया। पोस्टरों में देश की विविधता और एकता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया। तीसरे दिन निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विषय था “सरदार पटेल: लौह पुरुष एवं भारत एकीकरण के शिल्पी”। प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के जीवन उनके आदर्शों स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका तथा रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में लेखन कौशल और ऐतिहासिक चेतना दोनों को प्रोत्साहित किया।अंतिम दिन सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर “एकता मार्च” का आयोजन किया गया। यह मार्च सचान चौराहा से प्रारंभ होकर साकेत नगर तक निकाला गया। राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।
हाथों में तख्तियां और नारों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एकता, समरसता और सद्भावना का संदेश दिया। मार्च के दौरान “एकता ही शक्ति है” और “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। यह रैली जनजागरण का प्रतीक बनी और लोगों को राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया। चार दिवसीय इस कार्यक्रम का समापन प्राचार्या डॉ पूनम मदान द्वारा आभार वक्तव्य के साथ हुआ। उन्होंने सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने और समाज में एकता व सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षकों तथा छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।

