सड़क हादसे में खागा ईओ गंभीर रूप से घायल, कानपुर रिफर

a International National Regional News Uttar Pradesh

डीसीएम ने मारी कार में टक्कर, कार के उड़े परखच्चे

फतेहपुर। जिले के खागा में एक तेज रफ्तार डीसीएम ने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी (ईओ) देवहूति पांडे की कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ईओ देवहूति पांडे और उनके चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।
घटना बुधवार सुबह करीब 7 बजे खागा नवीन मंडी के पास हाईवे पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईओ की कार डिवाइडर से टकराकर नाले में जा गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों एयरबैग खुल गए। ईओ देवहूति पांडे और चालक को सिर व सीने में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें आनन-फानन में कार से निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।


बताया जा रहा है कि ईओ देवहूति पांडे कानपुर से खागा नगर पंचायत में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह और सभासद मौके पर पहुंचे। खागा कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाली डीसीएम की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही चालक और वाहन को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई करेगी।