गन्ने से भरी ट्राली ने साइकिल सवार को कुचला, युवक की मौके पर दर्दनाक मौतरम्पूरा नत्थू निवासी करन पेट्रोल लेने जा रहा था, पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ली

a International National Regional News Uttar Pradesh

बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। गन्ने से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने पीछे से साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, करन (22) पुत्र राम भजन निवासी ग्राम रम्पूरा नत्थू शुक्रवार दोपहर अपने गांव से साइकिल पर पेट्रोल लेने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह पास के पेट्रोल पंप पर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

घटना की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।