घूर पर कूड़ा फेंकने से मना किया तो भड़के पड़ोसी, लाठी-डंडों से हमला एक की हाथ की हड्डी टूटी

a International National Regional News Uttar Pradesh

रेहरा बाजार/बलरामपुर।थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया पूरे हड़िहवा में घूर पर कूड़ा फेंकने से मना करने पर दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इस दौरान पड़ोसियों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति की हाथ की हड्डी टूट गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी श्रीराम पुत्र हरिद्वार ने अपने पड़ोसियों को अपने घूर पर पॉलिथीन व कूड़ा डालने से मना किया था। इसी बात को लेकर फितूरी पुत्र बधुलाल, सांवल प्रसाद पुत्र बुधई, जग्गू पुत्र बुधई और मेढ़ई पुत्र निब्बर आपा खो बैठे और गाली-गलौज करते हुए श्रीराम के घर के सामने पहुंच गए।
इसके बाद उन्होंने श्रीराम के परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में श्रीराम के बाएं हाथ की हड्डी टूट गई, उनके पुत्र मंशाराम के सिर व शरीर पर चोटें आईं और पत्नी लीलावती के नाक पर गंभीर चोट पहुंची।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल व्यक्तियों का उपचार स्थानीय अस्पताल में कराया गया।
पीड़ित श्रीराम ने बताया कि उन्होंने घटना की तहरीर थाना रेहरा बाजार में दी है, लेकिन पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। परिवार ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।