मानक अपूर्ण, सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे

सादुल्लानगर/बलरामपुर। जिले में जल्द पहुंचने वाली कामन रिव्यू मिशन (सीआरएम) की टीम से पहले स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों की सूरत बदलने में जुटा है।मगर सादुल्लानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अग्नि सुरक्षा जैसे बुनियादी इंतज़ाम नदारद हैं। स्थिति यह है कि अस्पताल को अब तक अग्निशमन विभाग से फायर एनओसी तक जारी नहीं हुई है।
सीएचसी परिसर में अग्निशमन की व्यवस्था सिर्फ नाम मात्र को है। यहां लगे अग्निशमन सिलेंडर खराब पड़े हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति में उपयोग लायक नहीं। ऐसे में शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों से आग लगने पर मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मानक पूरे न होने के चलते सीएचसी से एनओसी के लिए पोर्टल पर अब तक आवेदन भी नहीं भेजा गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय भान ने माना कि अस्पताल में लगे अग्निशमन यंत्रों की वैधता तीन माह पूर्व ही समाप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार से पुनः व्यवस्था के लिए बात की गई है।
वहीं अग्निशमन प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि मानक अपूर्ण होने की वजह से सीएचसी को एनओसी जारी नहीं की गई है। विभागीय अभियान के दौरान अस्पतालों में लगी अग्निशमन उपकरणों की जांच की जाती है, लेकिन जिम्मेदार मानक पूरा कराने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
सीआरएम टीम के आगमन को देखते हुए अस्पताल परिसर में सफाई व अन्य तैयारियां तो जारी हैं, मगर अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है। मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में विभागीय उदासीनता का सवाल खड़े कर रही है।

