द बैनर न्यूज़ सादुल्लानगर/बलरामपुर।
स्थानीय नेवादा मोड़ पर हर रविवार को लगने वाली साप्ताहिक हाट बाजार में सुबह से ही खरीददारी के लिए भारी भीड़ उमड़ती है। हाट में सादुल्लानगर, नेवादा, लालपुर,नथई पुर,परसिया,अचलपुर,अहरौला सहित दर्जनों गांवों के लोग पहुंचकर सब्जी, मीट, मछली सहित दैनिक उपयोग की सामग्री की खरीदारी करते हैं।
ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण लोगों को ताजा हरी सब्जियां व स्थानीय उत्पाद उचित दर पर उपलब्ध हो जाते हैं। वहीं मीट-मछली की दुकानों पर भी खासा रौनक देखने को मिली। महिलाएं व बुजुर्ग भी अलग-अलग दुकानों पर अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी करते नजर आए।
हाट बाजार में दुकानदारों की कतारें सड़क किनारे लंबी दूरी तक फैली रहती हैं, जिससे कभी-कभी जाम की स्थिति भी बन जाती है। फिर भी ग्रामीण इस साप्ताहिक बाजार का इंतजार बेसब्री से करते हैं क्योंकि यहां एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सामग्री आसानी से मिल जाती है।
स्थानीय राधेश्याम,कृष्णा,दुर्गा,इरशाद,मनोज,राम चंद्र आदि ने बताया कि यह साप्ताहिक बाजार वर्षों से लग रहा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। दुकानदारों का कहना है कि रविवार का दिन उनके लिए सबसे अधिक बिक्री वाला रहता है।

