शार्ट सर्किट की चिनगारी बनी ज्वाला,गारमेंट शाप “राख”

दो करोड़ के नुकसान का अनुमान

हमीरपुर। मुख्यालय के सुभाष बाजार में बुधवार की देर रात शॉर्ट सर्किट की वजह से किराने के थोक व्यापारी की बिल्डिंग में आग भड़क उठी। बिल्डिंग के एक तरफ थोक किराना और दूसरी तरफ रेडीमेड की दुकान और गोदाम है। आग इस कदर फैली कि पहली और दूसरी मंजिल में रखा किराना-मसाला और कपड़े जलकर खाक हो गए। साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद फायरब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। आग से करीब दो करोड़ रुपए के नुकसान की संभावना जताई गई है। मुख्यालय के सुभाष बाजार के सब्जी मंडी मैदान में रामकिशोर एंड सन्स की बहुत पुरानी किराने की दुकान है। तीन खंड की इस दुकान में नीचे के खंड में सब्जी मंडी की तरफ किराना और दूसरी तरफ मनीष गॉरमेंटस के नाम से रेडीमेड की दुकान है। मनीष गॉरमेंटस का फर्स्ट फ्लोर में भी रेडीमेड कपड़े का शोरुम है। किराने की दुकान दोनों भाई सोनू और मोनू गुप्ता चलाते हैं। किराना दुकान के ऊपर के दोनों फ्लोर में गोदाम है। जिसमें किराना, मसाला, रिफाइंड, घी आदि सामान रखा रहता है।

देर रात किराना दुकान के फर्स्ट फ्लोर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी जो ऊपर के दोनों फ्लोर में फैल गई। जब बाजार के चौकीदारों की नजर दुकान से निकलते धुएं पर पड़ी तो उन्होंने दुकान मालिक को फोन से से अवगत कराया। रात करीब दो बजे के आसपास दुकान मालिक मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आग दोनों फ्लोर में फैल चुकी थी। सूचना पर दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा लेकिन आग की विभीषिका को देखते हुए सुमेरपुर, मौदहा और राठ से भी फायर ब्रिगेड के दस्ते बुलाए गए। लहुरीमऊ के नेवली पावर प्लांट से सीआईएसएफ की टीम भी दो गाड़ियां लेकर बाजार पहुंच गई। रात करीब ढाई बजे से आग बुझाने की मशक्कत शुरू की गई। गुरुवार की सुबह सात बजे के आसपास आग पर काबू पाया जा सका। इस अग्निकांड से दोनों दुकानों के मालिकों का करीब दो करोड रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया है।

