विधायक कृष्णा पासवान बनीं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति

a International National Regional News Uttar Pradesh

फतेहपुर। खागा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कृष्णा पासवान को उत्तर प्रदेश विधानसभा की महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति का सभापति नियुक्त किया गया है। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा उन्हें विधिवत यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए ठोस पहल की जाएगी। विधायक की इस नई विधायी जिम्मेदारी पर खागा विधानसभा क्षेत्र के समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और फतेहपुर जनपद के भाजपा पदाधिकारियों में हर्ष की लहर है।
जिला मीडिया प्रभारी भाजपा फतेहपुर प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से समितियों का गठन किया जाता है। यह फतेहपुर जनपद का सौभाग्य है कि महिला एवं बाल विकास संबंधी समिति का नेतृत्व हमारी लोकप्रिय विधायक श्रीमती कृष्णा पासवान को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि विधायक कृष्णा पासवान महिला उत्थान के साथ-साथ दलित समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।