लौह पुरुष की 150वीं जयंती मनाई गई
द बैनर न्यूज़ ……अवध दीक्षित
घाटमपुर (कानपुर)। शुक्रवार को कस्बे में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर रन फार यूनिटी का आयोजन किया गया। जिसमें सभी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
सुबह कस्बे के जहानाबाद रोड स्थित एक गेस्ट हाउस से पुलिस और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ शुरू हुई। जो मुख्य चौराहा और मूसानगर रोड होते हुए नगर पालिका परिषद में पहुंची। जहां पर लौह पुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। दौड़ में घाटमपुर कोतवाल धनंजय कुमार पांडेय के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। कस्बे के वरिष्ठ नागरिकों ने भी हिस्सा लिया।
वहीं कस्बे के ही जहानाबाद रोड स्थित बेडसन रिजॉर्ट से भी एक यात्रा निकाली गई। जो नगरपालिका परिषद होते हुए पुराना अस्पताल और कानपुर रोड होकर मुख्य चौराहे से होते हुए वापस आयोजन स्थल पर समाप्त हुई। यात्रा में बेडसन रिसोर्ट के संचालक उमाशंकर सचान (राजा भैया), अजीत सचान उर्फ़ पिंटू, जिला पंचायत सदस्य सोमवती शंखवार, पूर्व ब्लाक प्रमुख मीना संखवार, सपा नेता अनिल सोनकर वारसी, जीतू यादव, सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष धीरेंद्र उर्फ राजू वर्मा, चौधरी रामवीर, विजय पटेल, मनोज यादव और जीतू यादव आदि शामिल रहे।
वहीं कस्बे के ही जहानाबाद रोड पर स्थित पटेल सामुदायिक भवन में पटेल सेवा मंडल की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्मदिन मनाया गया। जिसमें कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, क्षेत्रीय विधायक सरोज कुरील, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य रामकरण सचान, योगेश सचान, पटेल सेवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. उदय नारायण सचान, भाजपा के जिला महामंत्री वेदवृत सचान, पटेल सेवा मंडल के महामंत्री हरिओम सिंह एडवोकेट, सचिव कुलदीप सिंह और प्रधानाचार्य राजकुमार सचान सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इससे पूर्व सभी लोगों ने नगर पालिका परिसर में स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको सम्मान दिया।
पटेल व्यक्ति विशेष के नहीं सभी के: राकेश
घाटमपुर। कस्बे के पटेल सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल किसी जाति या व्यक्ति विशेष के नहीं, बल्कि सभी के आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि उनको जाति या वर्ग में बांधना संभव नहीं है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री में क्षेत्र से आए ग्राम प्रधानों, नगर पालिका परिषद के सदस्यों के अलावा कई गणमान्य नागरिकों का मंच पर माल्यार्पण करने के बाद प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान भी किया। मंच पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
जब कवि महोदय को मंच से उल्टे पांव भागना पड़ा
घाटमपुर। कसबे के पटेल सेवा मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एक कवि महोदय को मंच से उल्टे पांव भागना पड़ा। जब उन्होंने लौह पुरुष को जाति विशेष में बांधने का प्रयास किया।
इंदौर से आए कवि श्यामवीर सिंह गौर ने पटेल सेवा मंडल के मंच से कविता पढ़ने का आग्रह किया। जिस पर उन्हें मौका दिया गया।
इस दौरान मौके पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के अलावा क्षेत्रीय विधायक सरोज कुरील और जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण सहित पूरा परिसर खचाखच भरा हुआ था।
कवि महोदय ने मंच पर अपनी कविता शुरू की। जिसमें उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और सवर्णों के खिलाफ जहर उगलना शुरू किया। वह लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को मात्र एक जाति विशेष में बांधकर उनको आदर्श बताने लगे। उनकी कविता सुनकर परिसर में मौजूद अधिकांश लोग बाहर की ओर जाने लगे। यह देखकर आयोजकों ने कवि महोदय का कविता पाठ तत्काल रुकवा दिया। वहीं, कवि महोदय को जनता की हूटिंग से बचने के लिए कार्यक्रम स्थल से उल्टे पांव भागना पड़ा।
बाद में केबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल व्यक्ति या जाति विशेष के नहीं सभी के आदर्श हैं। कहा कि जिस प्रकार महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरु और डा.अंबेडकर हमारे आदर्श हैं उसी तरह पटेल जी भी हैं।
फोटो- पटेल सेवा मंडल के कार्यक्रम में बोलते कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, एकता यात्रा निकालते नागरिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करते छात्र।

