मृतक हरिओम वाल्मीकि के परिजनों ने राहुल गांधी से मिलने से किया इंकार, कांग्रेस को लगा करारा झटका

a International Uttar Pradesh

आज फतेहपुर आ रहे हैं राहुल गांधी

मृतक हरिओम के भाई व बहन को सरकार ने दी नौकरी

फतेहपुर। यूपी के रायबरेली में चोर समझकर एक दलित व्यक्ति हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या के बाद बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को हरिओम के परिवार वालों से मिलने के लिए फतेहपुर आ रहे हैं। इससे पहले ही जिला प्रशासन ने हरिओम के भाई और बहन को सरकारी नौकरी दे दी है।
बहन कुसुम को स्टाफ नर्स और भाई शिवम को समाज कल्याण विभाग के स्कूल में नौकरी मिली है। शिवम ने वीडियो संदेश जारी कर कर कहा है कि हम प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्‍ट हैं। राहुल गांधी यहां राजनीति करने ना आएं। हरिओम के परिजनों ने राहुल गांधी से मिलने से इनकार किया है। वहीं, कांग्रेस ने इसे बीजेपी की दबाव बनाने की साजिश करार दिया है।


आपको बता दें कि रायबरेली के ऊंचाहार इलाके में दो अक्टूबर को हुई हरिओम वाल्मीकि की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। एडीएम एफआर अविनाश त्रिपाठी और एडिशनल एसपी महेंद्र पाल सिंह मृतक हरिओम वाल्मीकि के घर पहुंचे। उन्‍होंने राहुल गांधी के पहुंचने से पहले सुरक्षा का जायजा लिया। राहुल गांधी के फतेहपुर दौरे से पहले गांव में लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी हंगामा शुरू हो गया था, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया। वहीं बीते शनिवार को हरिओम वाल्मीकि के परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा से विधायक मनोज पांडेय के साथ हरिओम वाल्मीकि की पत्नी संगीता और बेटी अनन्या के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस मामले में पुलिस लगातार गिरफ्तारी कर रही है और जांच जारी है। अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।