द बैनर न्यूज़
इटावा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत विकास खण्ड बढ़पुरा के ग्राम कोठी विचारपुरा में पंचायत घर परिसर में एक जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
इस चौपाल में चाइल्ड हेल्पलाइन की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर कीर्ति गुप्ता ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आज की महिला किसी भी स्तर पर कमजोर नहीं है। उन्होंने बताया कि आपकी सखी वन स्टॉप सेंटर में हिंसा से पीड़ित महिलाओं को 24 घंटे निःशुल्क विधिक, चिकित्सा एवं आवासीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने आगे बताया कि संकटग्रस्त बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 नंबर पर कॉल कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से जिले में अब तक अनेक बच्चों को उनके परिवारों में पुनर्वासित किया गया है तथा कई बालिकाओं के अल्पायु विवाह को रोका गया है।
इस अवसर पर उपस्थित काउंसलर प्रीति यादव ने बताया कि मानसिक तनाव या अवसाद से ग्रस्त बच्चों को परामर्श प्रदान कर उन्हें परिवारिक वातावरण में सुरक्षित किया जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान मुकेश कुमार द्वारा की गई। यह चौपाल ग्रामीणों में महिला एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक सराहनीय प्रयास रहा।

