दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
द बैनर न्यूज़
हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रीवन गांव के नजदीक कृषि उत्पादन मंडी समिति के पास सोमवार को खेतों में करीब तीस वर्षीय महिला का अधजला शव पड़ा देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रीवन गांव से करहिया गांव के रास्ते में स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के नजदीक खेतों में सोमवार की दोपहर जानवर चरा रहे चरवाहों की नजर अचानक एक महिला के अधजले शव पर पड़ी। जिसकी खबर गांव में जंगल की आग की तरह फ़ैल गई। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक महिला ने हरे रंग की साड़ी पहनी हुई है और बांए हाथ की हथेली के पिछले हिस्से में ओम तथा बाएं हाथ की कलाई पर हिंदी अक्षरों से गायत्री लिखा हुआ है। महिला के दोनों हाथों में सुनहरी मोतीदार प्लास्टिक की चूड़ी एवं दोनों पैरों में पायल व बिछियां हैं। इसकी उम्र करीब 25 से 32 वर्ष बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा जलाकर उसे अर्धनग्न अवस्था में खेतों में फेंक दिया गया है।

