बेमौसम बारिश से धान की फसल खराब, किसानों की चिंता बढ़ी

a International National Regional News Uttar Pradesh

कटाई और लागत पर असर से किसान परेशान

फतेहपुर। जिले के तेलियानी विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बकंधा और आसपास के इलाकों में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कई दिनों से हो रही इस बारिश के कारण कटाई के लिए तैयार धान की फसलें खेतों में गिर गई हैं। वहीं, काटी गई फसल भीगकर खराब हो रही है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है और कटाई का काम भी बाधित हो गया है।
स्थानीय किसानों जिनमें राजेंद्र पटेल, शिव शंकर, राम सुमेर और नंदकिशोर शामिल हैं, ने बताया कि खेतों में कटी हुई धान की फसल लगातार बारिश से अंकुरित होने लगी है। इसके अतिरिक्त, खेतों में गिरी हुई फसल को काटने में सामान्य से अधिक खर्च आएगा, क्योंकि इसके लिए अधिक मजदूरों की आवश्यकता होगी और मजदूरी भी बढ़ जाएगी। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो धान के दाने काले पड़ जाएंगे, जिससे फसल की गुणवत्ता बुरी तरह प्रभावित होगी। किसान अरविंद सिंह सिकंदरपुर ने तिराहर क्षेत्र में असिंचित धान की फसल के नुकसान की भी जानकारी दी, जो या तो उगी नहीं है या अंकुरित हो गई है। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि पानी से लाही और चना की बोई हुई फसलों को नुकसान हुआ है और मिट्टी बैठने से उनका विकास प्रभावित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों ने अभी तक धान की कटाई नहीं की है, उनकी फसल गिर जाएगी। साथ ही, गोभी और मिर्च की फसल में पानी के बाद सूडी का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। कृषि प्रसार निदेशक डॉ. सत्येंद्र सिंह ने कहा कि जिले में अभी बहुत अधिक बारिश नहीं हुई है, लेकिन यदि यह सिलसिला जारी रहा तो धान को भारी नुकसान होगा। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अपनी कटी हुई फसल को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं।