द बैनर न्यूज़
— जनपद में बनेगा भव्य जगन्नाथ धाम: संतोष तिवारी
फतेहपुर। जिले के ऐतिहासिक पक्का तालाब परिसर में बनने जा रहे “जगन्नाथ धाम मंदिर” की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जगन्नाथपुरी की तर्ज पर निर्मित होने जा रहा यह मंदिर न केवल फतेहपुर, बल्कि पूरे प्रदेश में भव्य धार्मिक आस्था का नया केंद्र बनने जा रहा है।
आगामी 2 नवम्बर को मंदिर परिसर में शिलान्यास समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज सहित देशभर के प्रमुख संत-महात्मा शामिल होंगे।
मंदिर का निर्माण विशेष प्रकार के पत्थरों से किया जा रहा है, जिसकी ऊंचाई लगभग 70 फीट होगी। मंदिर में स्थापित की जाने वाली भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी की मूर्तियां पुरी के मुख्य महंत की देखरेख में तैयार की जा रही हैं। समारोह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी कड़ी में सोमवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थागत तैयारियों का जायजा लिया।
मंदिर निर्माण कार्य की निगरानी में समाजसेवी संतोष तिवारी निरंतर सक्रिय हैं और स्वयं स्थल पर मौजूद रहकर निर्माण की हर प्रक्रिया का ध्यान रख रहे हैं। वहीं उनके अनुज एवं भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी भी स्थल पर रहकर सहयोग कर रहे हैं। इस तैयारी को लेकर स्थानीय प्रशासन ने बताया कि आयोजन के दौरान व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि यह धार्मिक आयोजन ऐतिहासिक रूप में सम्पन्न हो सके।

