हमीरपुर। छठ पूजा के दृष्टिगत जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं पुलिस अधीक्षक डा. दीक्षा शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुमेरपुर कस्बे के गायत्री तपोभूमि स्थित गायत्री गंगा घाट का निरीक्षण कर संबधित को आवश्यक दिशानिर्देश दिये। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने व छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के घाट पर एकत्र होने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने घाटों की सफाई, रोशनी की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता का निरीक्षण करते हुये कहा कि आकस्मिक घटना से बचने के लिये सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करायें। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़ में किसी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही करें। उन्होंने श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिये पुलिस बल को विशेष रूप से सतर्क रहने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए कि घाटों पर स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं और पेयजल की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कहा कि पुलिस व प्रशासन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में इस त्योहार को संपन्न कराए जाने हेतु प्रतिबद्ध है।

