कंपोजिट विद्यालय पत्योरा में दस शिक्षकों का स्टॉफ 11 बजे तक लटकता रहा ताला

a

हमीरपुर। शनिवार को सुमेरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत पत्योरा डांडा में संचालित कंपोजिट विद्यालय समय से न खुलने से छात्र छात्राएं परेशान रहे। गेट पर ताला लटकने से छात्र छात्राएं गेट के बाहर बैठे रहे। ग्रामीणों ने सुबह 9.15 बजे गेट बंद होने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।


ग्राम पंचायत पत्योरा डांडा के कंपोजिट विद्यालय में आठ शिक्षक एवं दो अनुदेशक तैनात हैं। इसके बाद भी विद्यालय समय से नहीं खुलता है। शनिवार को सवा नौ बजे गेट पर ताला लटक रहा था और छात्र-छात्राएं गेट पर बैठकर शिक्षकों के आने का इंतजार कर रहे थे। तभी किसी ग्रामीण ने गेट में बंद ताले और बाहर खड़े छात्र छात्राओं के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करते हुए परिषदीय शिक्षा की बदहाल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजना विश्वकर्मा ने बताया कि उनके पैर में चोट लग गई थी। वह मेडिकल पर थी। विद्यालय की चाबी रसोईया संगीता के पास थी। उसके मायके में गमी हो गई थी। वह सुबह 6 बजे चली गई थी। इस वजह से समय से विद्यालय नहीं खोला गया है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि यह नई बात नहीं है। किसी भी दिन विद्यालय समय पर नहीं खोला जाता है। खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर सिंह तोमर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। प्रधानाध्यापिका सहित सभी शिक्षकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। सोमवार को वह गांव जाकर मामले की जांच करेंगे।