ऑपरेशन सिंदूर सम्मान समारोह में वीर सैनिकों का हुआ सम्मान

a International National Regional News Uttar Pradesh

फतेहपुर। जनपद के खागा तहसील क्षेत्र के ऐरायां विकास खंड अन्तर्गत सुल्तानपुर घोष गाँव में समाजसेवी जुनेद हक़ द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय सेना में सेवारत वीर सैनिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे जबलपुर रेजीमेंट में तैनात सूबेदार (कैप्टन) चाँद मोहम्मद, जिन्होंने 1995 में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा का सफर शुरू किया था। उन्होंने कारगिल युद्ध से लेकर हालिया ऑपरेशन सिंदूर तक कई अहम अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। इस आयोजित कार्यक्रम में सूबेदार चाँद मोहम्मद के साथ-साथ सेना के जवान अरविन्द सिंह यादव, श्याम पाल और अब्दुल हमीद फौजी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शायर व कवि शिवशरण बंधु ने किया, जिन्होंने अपनी रचनाओं से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस दौरान अपने संबोधन में कैप्टन चाँद मोहम्मद ने कहा कि मैं किसी जिले का नहीं, पूरे देश का फौजी हूँ। हमारी जाति और धर्म केवल हिंदुस्तानी है। उन्होंने अपने तीस वर्षों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि आज हमारी सेना तकनीकी रूप से सशक्त हो रही है और डिजिटल युग के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि अब पहली बार देश की बहनों द्वारा फौजियों को राखी भेजी जा रही है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। इस भावनात्मक क्षण में वे भावुक भी हो उठे।
इसी क्रम में सैनिक श्याम पाल ने भी अपने 15 वर्षों के अनुभव साझा किए और कहा कि आज भारतीय सेना नई तकनीकों के साथ लगातार आधुनिक हो रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से समाजसेवी जुनेद हक़, भाजपा नेत्री मोबीना वारसी, समाजवादी पार्टी के छात्र नेता परवेज आलम, कामरान राइन, अमित सिंह, शशिकांत शर्मा, अजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, पत्रकार संदीप निर्मल, शिवशरण बंधु, महेश चौधरी, नाजिया परवीन, प्रदीप कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य उपस्थित रहे हैं।