फतेहपुर। जिला खरीद अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डा. अविनाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना पर आधारित धान खरीद कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में किया गया।
बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष धान खरीद के लिए जिले में कुल 57 धान क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के 21, पीसीएफ के 21, यूपीएसएस के 8, पीसीयू के 5 तथा भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के 2 केंद्र शामिल हैं। धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹2369 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इच्छुक किसान खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in या किसान मित्र ऐप पर पंजीकरण कराकर 1 नवम्बर 2025 से अपने नजदीकी क्रय केंद्र पर धान बेच सकते हैं। जिला खरीद अधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों और केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि धान क्रय पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई अनियमितता न हो। उन्होंने कहा कि किसानों से विनम्र व्यवहार किया जाए और मानक गुणवत्ता के अनुसार ही धान की खरीद सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में उप जिलाधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता, विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी, मंडी सचिव, तथा सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक एवं धान क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

