द बैनर न्यूज
-मेरी सफलता में मेरे माता-पिता के साथ ही मेरे भाई और बहन का भी बहुत बड़ा योगदान, हर मुश्किल घड़ी में मेरा हौसला बढ़ाकर मुझे निराश नहीं होने दिया
-एक सफल पुलिस अधिकारी होने के साथ ही राजस्थान में सबसे चर्चित और ख्याति प्राप्त सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मोटिवेशनल गुरु भी हैं

सोशल मीडिया पेज यानी फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर जुड़कर उनके मार्गदर्शन में करियर को चमका रहे हैं लाखों बच्चे
जयपुर । किसी शायर ने खूब कहा है कि हार हो जाती है जब मान लिया जाता है……जीत तब होती है जब ठान लिया जाता है। इन पंक्तियों को चरितार्थ कर दिखाया है आरती सिंह तंवर ने।कुल मिलाकर जब आपके इरादे बुलंद हो तो कोई भी लक्ष्य आपसे दूर नहीं हो सकता। बस खुद पर विश्वास रखते हुए दिन और रात कड़ी मेहनत करनी चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आपकी सफलता में आपके परिवार का रोल बहुत ही प्रभावी होता है यानी माता-पिता के आशीर्वाद से आपकी सफलता में चार चांद लग जाते हैं। कुछ ऐसा ही करके दिखाया है गुलाबी नगरी जयपुर राजस्थान की आरती सिंह तंवर ने। उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत आरती सिंह तंवर ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए निरीक्षक का पद हासिल कर लिया है।
आरती सिंह के शब्दकोश में नामुमकिन या मुश्किल शब्द नहीं
आरती सिंह तंवर एक सफल पुलिस अधिकारी होने के साथ ही राजस्थान में सबसे चर्चित और ख्याति प्राप्त सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मोटिवेशनल गुरु भी हैं। उनके शब्दकोश में नामुमकिन या फिर कहे मुश्किल शब्द नहीं है। हर काम को हमेशा सकारात्मक सोच और ऊर्जावान होकर करना ही उनकी खूबी है। इसीलिए हर कोई कहता है कि आरती सिंह तंवर ने अपने जीवन में हर काम, हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है।इसीलिए लोग उनको महिला सशक्तिकरण का नायाब उदाहरण मानते हैं। एक बच्ची की मां होने के साथ ही जिम्मेदार बेटी होने का फर्ज निभा रहीं आरती सिंह तंवर राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों में रह रहे लाखों बच्चों की उम्मीद और प्रेरणा स्रोत भी हैं। कुल मिलाकर आरती सिंह तंवर, उन लाखों बच्चों की प्रेरणा बन चुकी हैं, जिन्होंने पुलिस की नौकरी करने का सपना तो देख लिया पर सही मार्गदर्शन के अभाव के अलावा विकट घरेलू परिस्थितियों के चलते जीवन में सफल होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम सभी अच्छी तरह जानते हैं कि काम के साथ घर और परिवार के लिए समय निकाल पाना बहुत ही मुश्किल होता है।
साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित रहें लोग
विशेष बातचीत में आरती सिंह तंवर ने कहा कि मेरी सफलता में मेरे माता-पिता के साथ ही मेरे भाई और बहन का भी बहुत बड़ा योगदान है। हर मुश्किल घड़ी में मेरा साथ देकर कभी भी मुझे निराश नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि जब नौकरी पुलिस की हो तो यह काम और भी मुश्किल हो जाता है। मेरे जीवन का उद्देश्य है कि लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित रह सके इसलिए मैं दिशा भ्रमित बच्चों को उचित मार्गदर्शन देने के लिए हमेशा तत्पर रहती हूं। हमेशा अपने काम को पूरी ईमानदारी से करते हुए एक सफल पुलिस अधिकारी और मां होने की ज़िम्मेदारी के बीच संतुलन बनाने के साथ आरती सिंह तंवर एक सफल मोटिवेशनल गुरु भी हैं। आरती सिंह तंवर ने कहा कि तकनीकी की इस सदी में इंटरनेट की दुनिया से अलग रह पाना मुश्किल है। इसलिए लाखों लोग इस इंटरनेट के भंवर में खोकर उसके वास्तविक उद्देश्य को समझ नहीं पाते।
सोशल मीडिया से हमेशा बच्चों को सही मार्गदर्शन देना कर्तव्य
आरती सिंह तंवर के सोशल मीडिया यानी फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर लाखों बच्चे जुड़कर उनके मार्गदर्शन में करियर को चमका रहे हैं। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों को उनकी परीक्षा विशेष से संबंधित मार्गदर्शन और समस्त प्रकार की अनिवार्य जानकारी देती हैं। परीक्षा की निशुल्क तैयारी भी करवाती हैं। वह अपने व्यक्तिगत जीवन से समय निकालकर समय-समय पर आमजन को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध के प्रकार और उन अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रखने के तरीकों से अवगत करवाकर निरंतर साइबर अपराध जागरूकता अभियान भी चला रही है। लगातार लोगों को साइबर अपराधों से सावधान कर रही हैं।

