ललकीपुरवा गांव जहां कीचड ही कीचड़
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फोटो
अवध दीक्षित
घाटमपुर (कानपुर)। विकास खंड क्षेत्र के यमुना पट्टी पर स्थित ललकीपुरवा गाँव के वाशिंदों का जीवन कीचड़ के बीच चल रहा है। हालात यह हैं कि मरने के बाद भी अर्थी को कंधा देने वालों की कीचड़ से ही होकर आगे जाने की मजबूरी है।
ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब मुख्य मार्ग से जलभराव के बीच एक शव यात्रा निकल रही थी। जिसमें लोग अर्थी कांधे पर उठाए नाली के पानी से होकर निकल रहे थे। यह तस्वीर सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है।
बता दें कि सरकार स्वच्छता अभियान के नाम पर भले ही करोड़ों रुपये पानी मे बहा रही है। लेकिन, धरातल में हकीकत कुछ और है। विकास खंड घाटमपुर के ललकी पुरवा गाँव में ऐसा नजारा देखने को मिल जाएगा।
इस गांव की हालत तालाब जैसी है। जहां पहुंचने के लिए न कोई पक्का रास्ता है और न पानी निकलने के लिए नाली बनाई गयी।
घाटमपुर ब्लॉक के गढ़ोलामऊ ग्राम पंचायत के मजरा ललकीपुरवा गाँव मे मुख्य मार्ग मे तालाब की तरह कीचड भरा हैं। सड़क के अगल बगल आज तक नालियों का निर्माण नही किया गया है। जिससे पानी का निकास हो सके।
ग्रामीणों ने बताया की पूरे गाँव मे तालाब जैसी सड़के हैं जिनमें कीचड भरा पड़ा है। घरों मे रिस्तेदार आना बंद हो गये हैं। मुख्य मार्ग पर कीचड की वजह से तमाम लोगो ने मंदिर जाना छोड़ दिया है।
गाँव निवासी राहुल यादव, सोने सिंह, तिलक सिंह, राजकुमार यादव, दिनेश यादव, बदन सिंह, सीपू यादव, महेश यादव, विपिन कुमार आदि ने बताया की गाँव मे एक भी गली ऐसी नही जिसमें आप पैदल निकल सके। बताया कि बारिश के मौसम मे घरों तक पानी जाने लगता है। स्कूली बच्चे आए दिन ड्रेस खराब कर लेते हैं। महिलाओ ने बताया कि जन प्रतिनिधि केवल वोट लेने आते हैं।
फोटो- बजबजाती नाली और कीचड़ से होकर निकल रही शव यात्रा।

