गांव से लेकर शहर व कस्बों में दिखी जमकर आतिशबाजी
फतेहपुर। जिले में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। महंगाई के बावजूद लोगों ने जमकर आतिशबाजी की, जिसमें अनुमानित तौर पर 5 करोड़ रुपये के पटाखे जलाए गए। पर्व के दूसरे दिन भी देर रात तक बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने पटाखे फोड़े।
दीपावली के दूसरे दिन अमावस्या दोपहर तक रही, जिसके बाद परिवा का पर्व शुरू हुआ। इस दौरान पूरा जिला रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक त्योहार मनाया। शहर के निवासियों अजय कश्यप, अंकित साहू, ऋत्विक सैनी और शैलेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि इस बार अस्थायी पटाखा मंडी में आग लगने के कारण पटाखे महंगे दामों पर मिले। हालांकि, उन्होंने कहा कि साल में एक बार आने वाले इस पर्व पर उन्होंने जमकर आतिशबाजी की।
मंगलवार को लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर दीपावली की बधाई दी। महिलाओं ने भी आतिशबाजी में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और पर्व की खुशियां साझा कीं। पुलिसकर्मियों ने भी मंगलवार को अपने परिवारों के साथ दीपावली मनाई और आतिशबाजी की। कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि दीपावली एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें ड्यूटी के साथ परिवार को भी समय देना होता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने मिलकर ग्रीन पटाखे फोड़कर खुशियां मनाईं।

